*एआई कौशल रथ का कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया भ्रमण, जिलेभर में एआई जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश*
बिलासपुर। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कौशल विकास के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एआई कौशल रथ का आज बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने भ्रमण किया। उन्होंने एआई कौशल रथ में उपलब्ध विभिन्न जानकारियों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विश्वविद्यालय द्वारा की जा रही इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अरविंद कुमार तिवारी से चर्चा करते हुए कहा कि एआई कौशल रथ को जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक एवं आमजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता और संभावनाओं से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से शिक्षा, रोजगार, उद्योग और प्रशासन के क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इसके प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना आवश्यक है।
कलेक्टर ने जिले के 1000 से अधिक शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय की इस पहल को शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे जिले के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करने में सहायता मिलेगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने भी एआई कौशल रथ की गतिविधियों की जानकारी ली और विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे जनजागरूकता प्रयास की सराहना की।
कुलसचिव डॉ. अरविंद कुमार तिवारी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को विश्वविद्यालय की ओर से एआई कौशल रथ के माध्यम से जिलेभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कौशल विकास के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


















